चित्रकूट संवाददाता : बुंदेलखंड में चित्रकूट जनपद कुछ मामलों में साधन विहीन हो सकता है पर पिछड़ा नहीं। यह क्षेत्र साहित्य और संस्कृति से समृद्ध है क्योंकि यहां पर प्रभु श्रीराम ने निवास किया और बाबा तुलसीदास ने रामचरित मानस की रचना की। ऐसी भूमि पर विश्वविद्यालय बनाने के लिए वह पहल करेंगे। यह बात विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने गुरुवार को कोल्हापुर नरेश छत्रपति शाहूजी महराज की जंयती के अवसर पर रगौली में कहीं। चित्रकूट-बांदा सांसद आरके सिंह पटेल द्वारा स्थापित छत्रपति साहूजी महराज इंटर कालेज रगौली के स्थापना दिवस समारोह और शहूजी महराज की जयंती पर श्री पांडेय मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि जिस आरक्षण के लिए इस समय मारामारी है और तमाम ने बलिदान दिया। उस आरक्षण को छत्रपति साहूजी महराज ने स्वत: दिया था। गरीब और दबे कुचले समाज को प्रत्येक क्षेत्र में पचास फीसदी आरक्षण देने के साथ ही उन्होंने डा. भीमराव अंबेड़कर को लंदन पढ़ने भेजा था। ऐसे महापुरुष के नाम पर विद्यालय खोलने से समाज को प्रेरणा मिलती है। वे महान समाजसेवी और सुशासक थे। यह कर्म क्षेत्र है, बाबा तुलसी ने इसी कर्मभूमि में रामचरित मानस की रचना की थी। साथ ही भगवान राम ने वनवास काल में निवास किया था। सांसद द्वारा यह बताने पर कि जनपद शिक्षा के क्षेत्र में बहुत पिछड़ा है तो विधान सभा अध्यक्ष श्री पांडेय ने कहा कि जो नए विश्वविद्यालय खुलने हैं उनमें एक विश्वविद्यालय यहां पर खुलवाने का वह प्रयास करेंगे।
सांसद आरके सिंह पटेल ने कहा कि इतिहास से प्रेरणा मिलती है। हमारे महापुरुषों ने समाज में संघर्ष करके मिशाल पेश की है। इसलिए संघर्ष से निकलकर आगे बढ़ने की सोच होनी चाहिए। इस मौके पर लोहिया वाहिनी के प्रदेशाध्यक्ष निर्भय सिंह पटेल, बारा (इलाहाबाद) विधायक रामसेवक सिंह, राजापुर चेयरमैन लक्ष्मी प्रसाद वर्मा, जिलाध्यक्ष सपा राज बहादुर सिंह, बांदा समीम बानवी, नरेंद्र गुप्ता, जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह, एडीएम केशवदास, एएसपी प्रेम चंद्र, डीआईओएस मंशाराम, बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह, जगमोहन सिंह, कालेज प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह और मइयादीन पटेल आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर मानिकपुर बसपा विधायक चंद्रभान सिंह पटेल के आवास में छत्रपति शाहूजी महराज की जयंती मनाई गई। सभी पार्टी पदाधिकारियों ने उनके चित्र में पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष रामलखन निषाद, मो. शफीक खां, महेंद्र शंकर, शिवकुमार वर्मा, धर्मपाल वर्मा, किशोरीलाल, जान्हवी प्रसाद और राजकुमार सिंह मौजूद रहे।
गीत और संगीत से भी याद किया गया
कोल्हापुर नरेश छत्रपति साहूजी महराज को सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से भी याद किया गया। छत्रपति साहूजी महाराज इंटर कालेज रगौली के छात्र-छात्राओं ने साहूजी को नमन हम करें, साहूजी हमे प्यारे लगे....गीत के माध्यम से उनके जीवन चरित्र को प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि दी। राई नृत्य बालिकाओं ने शाहूजी महराज कोल्हापुर में जन्म लीन्हों....गीत में प्रस्तुत किया तो श्रोता झूम ऊठे। कालेज के छात्र-छात्राओं ने भी कोल्हापुर नरेश के जीवन पर आधारित गीत सुनाए।
बुंदेली माटी की रही छाप
सांस्कृतिक कार्यक्रम में रामधीन आर्या पार्टी मऊरानीपुर और किशोर मंच महोबा के कलाकारों ने बुंदेली विधाओं की तमाम प्रस्तुतियां दी। रामाधीन पार्टी के आकाशवाणी और दूरदर्शन के कलाकार नीलम, आकांक्षा और रवि ने दो-दो जोगनी के बीच में अकेलों लांगुरिया...गीत पर ऐसा लांगुरिया नृत्य प्रस्तुत किया कि लोग झूम ऊठे। इसके अलावा राई नृत्य भी प्रस्तुत किया। किशोर मंच महोबा के कलाकारों ने घट नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें विभिन्न मुद्राओं में ऐसी करतब दिखाए कि दर्शकों और अतिथियों ने दांतों तले अंगुली दबा ली। वहीं महोबा के रामकरण द्विवेदी ने आल्हा गान कर लोगों में जोश भरने का काम किया।
मेधावियों को किया सम्मानित
जयंती समारोह में जिले में मेधावी छात्र-छात्राओं को विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने पुरस्कृत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। हाईस्कूल और इंटमीडिएट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन करने वाले छात्र-छात्राओं की अलग-अलग मेरिट बनाकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार देते हुए विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि पुरस्कार प्रेरणा देता है और परिश्रम को बढ़ाने के लिए होता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें